खेत में सर्पदंश से 67 वर्षीय किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सिद्धार्थनगर:पथरा थाना क्षेत्र के गौरी पाठक डीह गांव में शनिवार को सर्पदंश की चपेट में आने से 67 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गौरी पाठक डीह निवासी छोटेलाल निषाद (67) शनिवार को रोज की तरह कृषि कार्य के लिए अपने खेत पर गए थे। खेत में काम करने के दौरान उन्हें जहरीले सांप ने काट लिया। सर्पदंश के कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और वह खेत में अचेत होकर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए बांसी स्थित सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि कई घंटे तक चले इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उनकी मौत हो गई।
छोटेलाल निषाद की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार छोटेलाल निषाद परिवार के मुखिया थे और उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नारायण स्वरूप पाठक सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शासन स्तर से उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ आर्थिक सहारा मिल सके।

