उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बांसी विधानसभा क्षेत्र में संभावित आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इस बीच, सिद्धार्थनगर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
भारतीय यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी ने आरोप लगाया है कि रविवार (9 अगस्त) को थाना ढेबरुआ पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया।
सरकार और पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी ने इस कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे सरकार की "तानाशाही नीतियां" करार दिया। उन्होंने कहा सरकार युवाओं की आवाज और उनके मुद्दों से घबराई हुई है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार हर नागरिक को है, लेकिन पुलिस बल के दम पर विपक्ष और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।"
युवाओं को डराने की कोशिश नाकाम: यूथ कांग्रेस
पंकज चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का कोई भी कार्यकर्ता या युवा साथी इस तरह के दमनकारी रवैये से पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार, विकास और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

