सिद्धार्थनगर जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरी नाले में गुरुवार को एक किशोरी का नग्न अवस्था में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव घर से करीब चार किलोमीटर दूर बरामद हुआ है। शुक्रवार को मृतका की पहचान 16 वर्षीय अंशिका के रूप में हुई, जो इसी थाना क्षेत्र के धोबहा, पठान डीह टोला डिहवा की रहने वाली थी। शव की हालत और परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कठेला जुनूबी गांव के टोला पोखरभिटवा निवासी कुछ ग्रामीण पशुओं को चराने सिकरी नाले की ओर गए थे। तभी उनकी नजर नाले में मुंह के बल पड़े एक नग्न शव पर पड़ी। देखते ही देखते खबर फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना कठेला समय माता थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभय सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद तथा क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पंचनामा किया। आसपास के गांवों में शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने नाले के किनारे घास-फूस, मिट्टी और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को घटनास्थल से किशोरी के कपड़े और जूते भी मिले हैं, जिन्हें सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा किशोरियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
शुक्रवार को शव की पहचान अंशिका के रूप में होने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया। पुलिस के मुताबिक अंशिका के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। उसके पिता का नाम पटवारी और माता का नाम रेखा देवी बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार अंशिका तीन फरवरी से लापता थी, जिसकी काफी तलाश की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

