जिले के पथरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टेढि़या चौराहे के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कम्हरिया खुर्द निवासी शिव प्रकाश सिंह (57) शनिवार शाम अपने घर से करीब दो किलोमीटर दूर किसी काम से टेढि़या चौराहे की ओर जा रहे थे। वह बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर नवागांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही कम्हरिया बुजुर्ग निवासी जावेद की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि शिव प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल बांसी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
रविवार सुबह मृतक के बेटे अमित कुमार सिंह ने पथरा थाने में तहरीर देकर जावेद पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

