डुमरियागंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 हबीबुल्ला नगर में चाकू की नोक पर चोरी की घटनाओं से दहशत फैल गई है। तीन दिनों के भीतर हुई तीन चोरियों से वार्डवासियों में भय का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वार्ड निवासी सूर्यमती पत्नी राम सागर ने थाने में दिए शिकायती पत्र में बताया कि सोमवार की रात वह अपनी पुत्री के साथ घर में सो रही थीं। देर रात करीब एक बजे तीन नकाबपोश बदमाश घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आए। आरोप है कि एक बदमाश ने उनके गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी।
डरी-सहमी मां-बेटी के सामने बदमाश चावल की बोरी में रखी कान की झुमकी, पायल, तीन मंगलसूत्र, दो पावजेब और करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
इससे पहले शनिवार की रात भी इसी वार्ड में दो घरों को चोरों ने निशाना बनाया। पीड़िता पूनम पत्नी पिंटू ने बताया कि चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और बच्चों के गले पर चाकू रखकर जेवरात व 25 हजार रुपये नकद से भरा बाक्स उठा ले गए। वहीं पड़ोसी सरिता पत्नी महेश के घर से भी चोर मंगलसूत्र, झाला और नकदी चुरा ले गए।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से वार्ड के लोगों में आक्रोश और भय व्याप्त है। मंगलवार को पीड़ित सूर्यमती के घर महिलाओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मौके का निरीक्षण किया गया है और पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

