बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मुर्गा खाने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना पचपेड़वा क्षेत्र के ग्राम बसन्तपुर बलदेवनगर निवासी श्रीमती लीलावति ने 24 फरवरी 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया कि 21 फरवरी की रात करीब 8 बजे उनके बेटे राजमन यादव ने उनके पति राम लखन यादव को लाठी-डंडे से बुरी तरह पीट दिया था। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़वा ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल बलरामपुर और बाद में बहराइच रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजमन यादव को 25 फरवरी को गनेशपुर बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी राजमन यादव ने बताया कि उसने घर पर मुर्गा बनाया था और अपने पिता से खाने की जिद कर रहा था। उसके पिता धार्मिक प्रवृत्ति के थे और मांसाहार नहीं करते थे। इस बात पर उन्होंने उसे डांट दिया, जिससे नाराज होकर उसने पास में रखे सागौन के बैट से पिता को पीट दिया। बाद में वह उन्हें सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।
आला कत्ल बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टूटा हुआ सागौन का डंडा बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

