सिद्धार्थनगर:त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिस्कोहर में जमीनी विवाद को लेकर शनिवार को दो पक्ष आमने सामने आ गए. और बाद में हिंसक झड़प भी हुई जिसमें आठ लोगों के घायल होने की खबर है.
खबर के मुताबिक बिस्कोहर कस्बा के मंगल बाजार निवासी अनिल पाण्डेय घर के बगल जमीन पर बाउंड्री वाल का काम करवा रहे थे.
शनिवार सुबह कस्बा निवासी श्रीराम मिश्रा व कृष्ण कुमार मिश्रा ने उसी जामीन पर अपना अपना दावा बताया और निर्माण कार्य रोकने लगे.
तब तक दोनों पक्षों में जुबानी जंग शुरू हुई और फिर मामला बढ़ा तो मारपीट शुरू हो गया. दोनों तरफ से जमकर ईट पत्थर, लाठी डंडे चले.
इस मारपीट के दौरान एक पक्ष के अनिल उर्फ भोला पांडेय (42), लोमश पांडेय (30), मुकेश पांडेय (26), शैलेश पांडेय (19) और दूसरे पक्ष के श्रीराम मिश्रा (50), कृष्ण कुमार मिश्रा (55), कमलेश मिश्रा (35), राहुल मिश्रा घायल हो गए. इसमें एक पक्ष के अनिल उर्फ भोला, लोमश एवं दूसरे पक्ष के कमलेश को गंभीर चोट लगी है.
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भनवापुर में भर्ती कराया.
त्रिलोकपुर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ पर केस दर्जकर घायलों को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी भनवापुर भेजा गया है.

