मोहम्मद आरिफ खान बलरामपुर:पचपेड़वा में उतरौला रोड़ पर स्तिथ फजले ए रहमानिया इंटर कॉलेज के सामने खाली पड़ी जमीन जो पिछले चालीस वर्षों से इंटर कॉलेज का खेल का मैदान रहा है। जिस मैदान पर बच्चें खेलते थे अब वहाँ गौशाला निर्माण करने का काम किया जा रहा है। शनिवार को जेसीबी के द्वारा कॉलेज के सामने मौजूद खेल के मैदान की खुदाई की रही थी। जिसकी सूचना होने पर खेल प्रेमियों एवं बच्चों में मायूसी दिखी।
फजले ए रहमानिया इंटर कॉलेज के मुताबिक सन 1977 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का कॉलेज में आगमन हुआ विद्यालय से प्रभावित होकर विद्यालय के विस्तार के लिए बगल की खाली पड़ी जामीन को विद्यालय के पक्ष में दान कर दिया था। जिस पर सन 1976 से इंटर कॉलेज का कब्जा है उक्त भूमि का गाटा संख्या 1819 का खसरा प्रति संग्लन है। तभी से इस मैदान को प्रार्थना स्थल के साथ साथ प्रतिदिन खेलकूद व वार्षिक खेलकूद एवं चुनाव आदि कार्यों में उपयोग किया जा रहा है।
बीते 30 जनवरी को जब एसडीएम तुलसीपुर उक्त मैदान का निरीक्षण करने पहुँचे तब पता चला कि प्रशासन की मंशा मैदान को खत्म कर कॉलेज के सामने ही गौशाला का निर्माण करना है। सूचना के मुताबिक जिस तरफ बालिकाओं की कक्षा चलती है उसी दिशा में गौशाला निर्माण करने की मंशा है।
फजले ए रहमानिया इंटर कॉलेज ने थाना अध्यक्ष तुलसीपुर को प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि विद्यालय के सामने गौशाला निर्माण करने पर विद्यालय का अस्तित्व खत्म हो जाएगा और साथ ही शिक्षण कार्य बुरी तरह प्रभावित होगा साथ ही साथ विद्यार्थियों का खेल कूद बन्द हो जाएगा जिससे उनका भविष्य भी प्रभावित होगा।
प्रार्थना पत्र में थानाध्यक्ष से अपील की गई हैं कि विद्यालय पर कृपा करते हुए दान में प्राप्त हुए खेल के मैदान के बचाव हेतु उचित कार्यवाई करते हुए उपरोक्त प्रोजेक्ट को किसी अन्य स्थान पर स्थान्तरित करने की कृपा करें।
इस मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुँचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हारून रशीद खान ने खेल के मैदान पर गौशाला निर्माण की खबर पर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया।
उन्होंने कहा कि हम गौशाला के विरोध में नही है लेकिन यहां पर गौशाला निर्माण से बच्चों का भविष्य व खेल के प्रति अन्याय होगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इसके विरोध में स्कूल प्रशासन द्वारा थानाध्यक्ष तुलसीपुर को प्रार्थनापत्र दे दिया गया है और उपजिलाधिकारी, जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी को सोमवार को प्रार्थना पत्र दिया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोमवार को सुबह 10 बजे फजले ए रहमानिया इंटर कॉलेज के खेल के मैदान पर पहुँचकर प्रतीकात्मक रुप से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराये।



