सिद्धार्थनगर:परसा-बढ़नी ब्लाक के खैरा में समाजवादी पार्टी के न्याय यात्रा के दौरान चौपाल का आयोजन किया गया।
इस मौके पर सपा के सामाजिक विकास विजन एवं सामाजिक न्याय कार्यक्रम के पर्यवेक्षक श्याम विश्वकर्मा ने कहा कि गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं के हित में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाओं को चलाया गया था।
चाहे समाजवादी पेंशन हो या समाजवादी एम्बुलेन्स, विद्यार्थियों को लैपटाप मिलना हो या बेरोजगारी भत्ता। ऐसे बहुत सी योजनाओं को सपा सरकार में संचालित किया गया था।
उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा की सरकार में कोई भी वर्ग खुशहाल नहीं है। शोहरतगढ़ के पूर्व प्रत्याशी उग्रसेन प्रताप सिंह ने सपा सरकार की उपलब्धियों को मौजूद लोगों को बताते हुए कहा कि मौजूदा भाजपा की सरकार ने आमजनमानस को धोखा देने का काम किया है।
भाजपा केवल जाति और धर्म की राजनीति करती है।आज कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।कोई भी सुरक्षित नहीं है। इस मौके पर ,जिलाध्यक्ष अजय चौधरी, वीरेन्द्र तिवारी, हरिनरायन यादव, जावेद आलम, शकील, रामू यादव आदि मौजूद थे।