![]() |
| रमेश की हत्या के बाद रोते बिलखते परिजन |
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में एक 22 वर्षीय युवक की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा चौकी अंतर्गत दूल्हा सुमाली ग्राम पंचायत के पिपरहवा टोला की है, जहां युवक अपने घर में सो रहा था।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि वह मंगलवार रात करीब 11 बजे अपने कमरे में सोने गया था। बुधवार सुबह जब उसकी मां उसे जगाने पहुंचीं तो वह खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मुकेश का आरोपित लोगों से पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए रमेश नामक व्यक्ति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल हत्या के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

