सिद्धार्थनगर। जिले की शिवनगर डिड़ई पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 85 लाख रुपये मूल्य का 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके तीन साथी फरार होने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना शिवनगर डिड़ई पुलिस बेलगड़ी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर सड़क किनारे रखे पांच प्लास्टिक के बोरों और उनके पास खड़े चार व्यक्तियों पर पड़ी।
पुलिस को देखकर तीन लोग मौके से भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान श्याम उर्फ श्यामू दीक्षित पुत्र मनीराम निवासी फर्रुखाबाद के रूप में बताई।
बोरों से मिला 162 किलो गांजा
पुलिस द्वारा बोरों की तलाशी लेने पर उनमें कुल 162 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 85 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों पिंटू चौरसिया, सूर्य प्रकाश चौरसिया और अमन के साथ मिलकर गांजे की खेप को बस के जरिए नोएडा ले जाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर दी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों में सिद्धार्थनगर के अयार गांव निवासी पिंटू चौरसिया और सूर्य प्रकाश चौरसिया शामिल हैं, जो वर्तमान में नोएडा में रह रहे थे। इनके अलावा अमन नामक एक अन्य व्यक्ति भी फरार है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी श्यामू दीक्षित और फरार आरोपी पिंटू चौरसिया के खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, लूट और अन्य संगीन धाराओं के मामले शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना शिवनगर डिड़ई में मु0अ0सं0 50/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश सिंह, उपनिरीक्षक राजीव जी भट्ट, मुख्य आरक्षी जितेंद्र गौतम, मुख्य आरक्षी सुशील राय, आरक्षी सौरभ सिंह तथा आरक्षी अजय कुमार यादव की टीम शामिल रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

