उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।
घटना शोहरतगढ़ क्षेत्र के महथा रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां किशोर अपने दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक पर मॉर्निंग वॉक कर रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, किशोर ने कान में हेडफोन लगा रखा था, जिसकी वजह से उसे ट्रेन के आने की आवाज सुनाई नहीं दी।
मृतक की पहचान परसौहिया नानकार गांव निवासी विक्की के रूप में हुई है, जो शिवपति इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था।
बताया जा रहा है कि बढ़नी से गोरखपुर की ओर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी। ट्रेन को देख दोस्तों ने दोस्तों ने विक्की को जोर जोर से आवाज देने लगे और ट्रेन का हार्न भी बज रहा था लेकिन कान में हेडफोन लगा होने की वजह से वह किसी भी आवाज को नहीं सुन पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया।
उसके दोनों पैर कट गए और सर से खून बह रहा था। परिवार को इसकी जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया। तत्काल विक्की को घायल अवस्था में सीएचसी शोहरतगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए एम्बुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद विक्की को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

