सिद्धार्थनगर कांग्रेस पार्टी की तीन राज्यों में जीत भाजपा सरकारों के जनविरोधी नीतियों के कारण मिला है और यह जीत केन्द्र की भाजपा सरकार के अंत की शुरूआत है।
यह बातें कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव व पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री नर्वदेश्वर शुक्ल ने बढ़नी ब्लाक के ढ़ेबरुआ स्थित स्व0 उदयराज शुक्ल बालिका उमा0 विद्यालय में एक पत्रकार वार्ता में कहा। तीन राज्यों में पार्टी के विजय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह जीत राहुल गांधी के कुशल नेतृत्व एवं तीनों प्रदेशों के संगठनों के अनवरत संघर्षों के फलस्वरुप मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिला संगठन बेहद कमजोर हैं और बिना इन्हें पुनर्गठित किये आगामी लोकसभा के चुनाव में केवल राहुल गांधी के करिश्माई नेतृत्व के बलबूते जीत पाना असम्भव है।उन्होंने कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ताओं विशेषकर जो कभी पार्टी न छोड़े हों से निवेदन किया कि सभी कार्यकर्ता कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास को प्रदेश में दोहराने के लिए एकजुट हों।
बता दें कि नर्वदेश्वर शुक्ल कांग्रेस के प्रदेश महासचिव,संगठन मंत्री सहित कई प्रमुख पदों पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह ग्रामीण विद्युतीकरण विभाग के चेयरमैन(राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) भी रह चुके हैं।सिंचाई आयोग के सदस्य,प्रदेश किसान कांग्रेस के संयोजक-अध्यक्ष व अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के महामंत्री भी रह चुके हैं।

