तहसील क्षेत्र मे आए भीषण सैलाब ने तबाही की एक इबारत लिखने के बाद लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी है। औहदी खुर्द से बसंतपुर जाने वाली सड़क पर पुलिया बह जाने से आवागमन बन्द है। औदही, खरीकौरा, बेनीनगर, बसंतपुर आदि दर्जनों गाँवो के लोगों को कहीं आने जाने मे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बृज कुमार ने बताया कि रास्ता कट जाने से आवाजाही मे काफी दिक्कत हो रही है।
इसी प्रकार कठेला-तुलसियापुर मार्ग के भुतहवाँ से झुंगहवा के बीच चार जगह कट जाने के कारण मटियार, झुंगहवा, तिरछवा, कठेला क्षेत्र के दर्जनों गाँवो के हजारो लोगों का सम्पर्क तुलसियापुर क्षेत्र से कट गया है। टीकर निवासी विजय सिंह का कहना है कि रोड़ का कई जगहों से कट जाने के बाद कठेला अब बहुत दूर हो गया है।
खैरी ऊर्फ झुंगहवा के मसूद आलम का कहना कि हर साल तुलसियापुर-मार्ग कटने का खतरा बना रहता है। प्रशासन मार्ग को बचाने के लिए कुछ नही करता। खैरी ऊर्फ झुंगहवा के लोग दस किमी पैदल चलकर तुलसियापुर आ रहे है।

