गोमतीनगर स्थित डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में एक महिला के शव को कुत्तों ने नोंच डाला।* उसका सिर और चेहरा बुरी तरीके से क्षत-विक्षत मिला। शव लेने के लिए जब परिवारीजन रविवार सुबह अस्पताल पहुंचे तो डेड बाडी मोर्चरी के बाहर लावारिस हाल में मिली। आसपास लोथड़े और खून बिखरा पड़ा था। जिसे देख कर परिवारीजन घबरा गए। शरीर से सारे गहने भी गायब थे l परिजनों का आरोप है कि कर्मचारियों ने गहने के लालच में शव को डीप फ्रीजर से बाहर निकाला। लालची संवेदनहीन कर्मचारी गहने लेने के बाद लावारिस हाल में शव को छोड़ गए। वहां कुत्तों ने शव को बुरी तरीके से नोंच खाया खाया। शासन के निर्देश पर अस्पताल प्रशासन ने तीन कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।
चिनहट निवासी 40 वर्षीय पुष्पा तिवारी को शनिवार शाम 5:30 बजे लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। आरोप है कि पुष्पा ने जहर खा लिया था। डॉक्टरों ने गंभीर हालत बताते हुए मरीज को भर्ती किया। इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। पति विनोद शव ले जाने लगे तो डॉक्टरों ने उन्हें रोक लिया। कहा बिना पोस्टमार्टम के शव नहीं ले जाया जा सकता। विनोद ने बताया शाम को अस्पताल की मोर्चरी में पत्नी का शव रखवाया था। बाकायदा डीप फ्रीजर में ताला भी लगाया गया था। इसके बाद वह घर चले गए।
शरीर पर जेवर भी नहीं मिले
विनोद ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे जब वह शव लेने के लिए अस्पताल पहुंचे तो देखा मोर्चरी के पास शव पड़ा हुआ था। सिर पर गहरे जख्म थे। चेहरा भी क्षत-विक्षत था। शव के पास कुत्ते के पंजे के निशान बने हुए थे। खून व मांस के लोथड़े आसपास बिखरे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान पुष्पा के शरीर पर तमाम गहने थे। इसमें मंगलसूत्र, अंगूठी, बिछिया, पायल और कान में बुंदे थे। शव लेने पहुंचे तो शरीर पर एक भी जेवर नहीं था।
जानकारी के मुताबिक करीब 22 साल पहले सीतापुर निवासी पुष्पा तिवारी की विनोद से शादी हुई थी। दंपति के दो बच्चे बेटा अभिषेक और बेटी प्राची हैं।
तीन को नौकरी से निकाला
शासन के निर्देश पर लोहिया अस्पताल के निदेशक डॉक्टर डीएस नेगी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। छह सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। साथ ही अपना टेक सिक्योरिटी ग्रुप के सुपरवाइजर आशीष कुमार, सुरक्षा गार्ड पवन कुमार और वार्ड बॉय इस्लाम को टर्मिनेट कर दिया गया है।

