सिद्धार्थनगर : खेसरहा थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। सहेली के चार भाइयों ने पांच दिनों तक एक किशोरी के साथ दुष्कर्म किया है। मामला दस दिन पुराना है, पर पीड़िता व उसके परिजनों ने शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक के सामने उपस्थित होकर आरोप लगाया है कि खेसरहा पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ने मामले में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।
पीड़िता की मां का आरोप है कि 12 अप्रैल को उनकी पुत्री घर में अकेली थी कि उसकी सहेली उसे बहला-फुसलाकर लेती गई। वहां उसके चार भाइयों ने पांच दिनों तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने बताया सभी आरोपी कल्नाखोर गांव के हैं। घटना के बाद पुत्री घर लौटी तो उसकी स्थिति दयनीय थी। उसे इलाज के लिए खेसरहा ले जाया गया था। जहां तबीयत में सुधार न होने पर उसे जिला मुख्यालय लाया गया। मामला सुनने के पश्चात अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने खेसरहा थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर मामले के छानबीन का निर्देश जारी किया है।