सिद्धार्थनगर। जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोनहा (गोनहा गोसाई) में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में लगे हाईटेंशन टावर पर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी 18 वर्षीय राजन पुत्र छविलाल के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिवार में शोक छा गया।
परिजनों के अनुसार, राजन सोमवार शाम भैंस चराकर घर लौटा था। इसके बाद नहाने-धोने के बाद उसने गांव में आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल में जाने की बात कही और घर से निकल गया। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। पंडाल समेत गांव के विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह करीब 7:50 बजे खेत की ओर गए ग्रामीणों ने हाईटेंशन टावर पर राजन का शव देखा। इसकी सूचना तत्काल ग्राम प्रधान और पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
राजन अपने माता-पिता छविलाल और मालती के आठ बच्चों में पांचवें स्थान पर था। उसके परिवार में सात भाई और एक बहन हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

