सिद्धार्थनगर:बांसी कोतवाली क्षेत्र के घघुआ गांव निवासी एक व्यक्ति ने पत्नि से विवाद के बाद गुस्से मे 33 हजार बिजली के बड़े टॉवर पर चढ़ गया. सोमवार दोपहर हुए इस घटना के बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को उसे उतारने के कड़ी मशक्कत करनी पडी.
बांसी कोतवाली के ग्राम घघुआ निवासी संजय पुत्र फूलचन्द्र की पत्नी रीता से कुछ विवाद हुआ. जिसके बाद नाराज़ संजय गांव के सिवान से गये 33 हजार विद्युत टावर पर चढ़ गया. यह देख परिजन समेत गांव वालों के हाथ-पैर फूल गए.
ग्रामीणों ने उससे टॉवर से नीचे उतरने को कहा तो वह कूदकर जान देने की धमकी देने लगा. यह देख ग्रामीणों के होश उड़ गए. किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी.
सूचना पाते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शैलेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी.
पुलिस को आता देख वह और ऊपर चढ़ता गया. घण्टों तक मान मनौव्वल चलता रहा.
उसे उतारने के लिए पुलिस और गांव के लोग समझाते रहे पर वह नहीं मान रहा था. पुलिस के लोग यह देखकर हैरान थे कि जिस बिजली के टॉवर पर वह चढ़ा है वह बड़ी लाइन की सप्लाई है और इससे गोरखपुर, गोंडा और बस्ती सहित कई जिलों में बिजली की आपूर्ति होती है.
मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बिजली काट देने की मांग की. बिजली काटने के बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों की सिफारिश पर वह पांच घंटे बाद नीचे उतरा. तब जाकर सबकी जान में जान आई.
प्रभारी निरीक्षक शैलेश कुमार सिंह के मुताबिक टावर पर चढ़ा युवक ठेला लगा कर फल आदि बेचने का कार्य करता है. ठेला रिश्तेदार का है, जिसे वह वापस ले लिया. इसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ था. दोनों को समझा कर घर भेज दिया गया है. पति को ठेला दिलवा दिया, जिससे वह संतुष्ट है.

