सिद्धार्थनगर:जिले के जोगिया कोतवाली के थानाध्यक्ष और एक सिपाही को एसपी राम अभिलाष त्रिपाठी ने
लाइन हाजिर कर दिया है. दोनों पुलिसकर्मियों पर घूस लेने का आरोप है.
जिले के नए एसपी राम अभिलाष त्रिपाठी ने कार्यभार संभालते ही बड़ी कार्रवाई करते हुए जोगिया कोतवाली के थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय और सिपाही दिग्विजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है. दोनों पुलिसकर्मियों का सोशल मीडिया पर घूस लेने का ऑडियो और वीडियो वायरल हुआ था जिसके बाद ये कार्रवाई हुई.
सीओ बांसी को इस मामले की जांच सौपी गई है, थानाध्यक्ष की तैनाती न होने तक द्वितीय इंचार्ज थाने की जिम्मेदारी संभालेंगे.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें एक शख्स रुपये गिनता दिख रहा है. वह जोगिया कोतवाली का सिपाही बताया जा रहा था. इसके अलावा जोगिया का ही एक ऑडियो भी वायरल हुआ है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वायरल ऑडियो में आवाज थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय की बताई जा रही है. वायरल वीडियो-ऑडियो में एक जमीन के लिए एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की बात हो रही है.
इसमें एक शख्स एसओ को दो लाख रुपये देने की बात कह रहा है. हालांकि जो आवाज एसओ की बताई जा रही है वह शख्स स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है लेकिन रुपये की बात कहने पर हां, हां कह रहा है.
यह मामला मंगलवार को एसपी तक पहुंचा तो उन्होंने थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय और सिपाही दिग्विजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया.
एसपी रामअभिलाष त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रकरण की जांच सीओ बांसी करेंगे. उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.

