सिद्धार्थनगर:ग्राम सभा द्वारा सामाजिक-आर्थिक विकास के क्षेत्र में किये गये बेहतरीन कार्य के लिए जिले के दो ग्राम प्रधान और एक क्षेत्र पंचायत सदस्य को नाना जी देशमुख सम्मान से सम्मानित किया गया.
सोमवार को जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम प्रधानों को यह सम्मान दिया. यह सम्मान शासन से उनके पास भेजा गया था.
डीपीआरओ कार्यालय में आयोजित समारोह में पहुंचे बर्डपुर ब्लाक के पिपरसन ग्राम पंचायत के प्रधान सर्वेश जायसवाल व हसुड़ी औसानपुर प्रधान दिलीप त्रिपाठी सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य बर्डपुर राजकुमार चौधरी को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया.
डीपीआरओ आर्दश कुमार ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि यह पुरस्कार ग्राम सभा द्वारा सामाजिक- आर्थिक विकास के क्षेत्र में किये गये बेहतरीन कार्य के लिए दिया गया है। इस पुरस्कार ने पूरे जनपद के गौरव को बढ़ाया है.
यह सम्मान पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री के हाथों दिया जाता. इस वर्ष कोरोना महामारी की वजह से कार्यक्रम को स्थगित किया गया है.
ग्राम प्रधान पिपरसन इंजी. सर्वेश जायसवाल ने बताया कि यह पुरस्कार ग्राम पंचायत में बेहतरीन शिक्षा, व्यवस्था, साफ-सफाई, सामाजिक, आर्थिक विकास कार्यों के लिए दिया जाता है. पिपरसन गांव में अधिकतर विकास कार्य ग्राम पंचायत की ओर से अर्जित धनराशि से किए गए.
ग्राम प्रधान पिपरासन ई. सर्वेश जायसवाल ने इस पुरस्कार को ग्राम सभा पिपरसन की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि यह सभी ग्रामवासियों के धैर्य एवं अनुशासन की देन है.

