रोडजाम की समस्या से राहगीरों को नहीं मिल रहा राहत
इटवा(सिद्धार्थनगर)। स्थानीय कस्बा में चारों मार्गाें का सडक चौडीकरण होने के बाद भी रोड़जाम की समस्या से राहगीरों को राहत नहीं मिल रही है। आये दिन लोग रोडजाम में फंस कर चोटिल होते हैं। रोड खाली होने का राहगीरों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
जानकारी के अनुसार दुकानदार सड़क की पटरियों पर अपना सामान लगाते हैं। जो स्थान बचता है उसे ठेला वाले दोनों पटरियों पर दुकान लगाकर रोड को संकरा कर देते हैं। दुकानों पर आने वाले ग्राहक स्थान न पाने से रोड़ पर अपना वाहन खडा कर देते हैं। सडक पर आडा तिरछा वाहन खडा होने के कारण जाम लगता है और घंटो लोग उसमें फंस जाते हैं। असावधानी और समय के अभाव में दुर्घटनाएं भी घट जाती हैं। लेकिन जिम्मेदारों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं जा रहा है। कस्बावासियों का कहना है कि तहसील प्रशासन को कई बार शिकायत की गयी परन्तु इस पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुआ। इधर लाॅकडाउन समाप्त होने के बाद लोगों का आवागमन बढ़ने पर बढ़नी रोड पर चौराहा से बेलवा मोड बायपास तक, डुमरियागंज मार्ग पर चौराहा से अस्पताल तक, बिस्कोहर रोड पर चौराहा से तहसील गेट तक तथा बांसी रोड पर चौराहा से बस स्टाप तक रोड जाम की भयंकर समस्या उत्पन्न हो जाया करती है। यदि तहसील प्रशासन अतिक्रमण पर अभियान चलाकर इन्हें हटवादे और अतिक्रमणकारियों पर कानूनी कार्यवाही करे। तो लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। लगभग दो वर्ष पूर्व भी अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर नोटिस दिया गया था परन्तु समस्या जस की तस बनी रही। दवा लेने जा रहे मरीज, एम्बुलेंस आदि जब रोड जाम में फंसते हैं तो उन्हें भारी कष्ट सहना पडता है। लोगों ने जाम की समस्या दूर करने के लिए तहसील प्रशासन से मांग किया है।
