परसा (01 दिसम्बर)-बढ़नी ब्लाक के तुलसियापुर चौराहे पर स्थित पं.बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कालेज के प्रांगण में शनिवार को कृषक सूचना तन्त्र का सुदृढ़ीकरण योजनान्तर्गत विकास खण्ड स्तरीय कृषि निवेश मेला का आयोजन कृषि विभाग व गौतम बुद्ध जागृति समिति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया।
इस मौके पर वरिष्ठ समाजसेवी राणा प्रताप सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार के द्वारा देश में गोपनीय तरीके से किसान की समस्याओं के बारे में सर्वे कराया गया। इस दौरान पूरे देश में 115 जिले और प्रदेश के आठ जनपदों का चयन किया गया। जिसमें किसानों की आय दोगुनी करने के लिए और उनके जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कृषि विभाग के पोर्टल पर रजिट्रेशन करवायें।उन्होंने कहा कि अच्छी पैदावार के लिए किसान खेत का समतलीकरण करे, मेड़बंदी करें और जैविक खेती को करे।
उन्होंने मधुमक्खी पालन, मशरुम की खेती करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने अपने ऊंचे स्थित खेतों में बेढ़ा विकसित करने का आह्वाहन किया, जिसमें मौसमी सब्जियों की खेती की जा सके। जिससे हमें ताजी सब्जियां मिलेंगी और धन का बचत भी होगा। अंत में आयोजक, गौतम बुद्ध जागृति समिति के निदेशक व भाजपा के सामाजिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष श्रीधर पाण्डेय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधाानाचार्य रवि शुक्ल व संचालन पूर्व प्रधान रामरुप तिवारी ने किया। इस अवसर पर एडीओ एजी राजीव सिंह,राजपाल सिंह, महेन्द्र त्रिपाठी, ज्ञानप्रकाश, अभिषेक, सुमित पाण्डेय, रामसेवक, विशाल सिंह,हरिश्चन्द्र शुक्ल,रामदेव, नन्दलाल चौधरी,रामनिवास चौहान आदि लोग मौजूद थे।


