सिद्धार्थनगर ढ़ेबरुआ थाना क्षेत्र के अहिरौला के रहने वाले मदनलाल सैनी पुत्र नीबर उम्र 50 वर्ष गत शुक्रवार को होली के दिन गांव के ही चेतराम पुत्र केसर व उसकी पत्नी के मध्य हो रहे झगड़े को छुड़ाने चले गये।झगड़ा छुड़ाते समय चेतराम ने अपने पैर से मदनलाल के गुप्तांग पर मार दिया।जिससे वह वहीं गिर कर तड़पने लगे।परिजनों ने उन्हें पीएचसी बढ़नी पहुंचाया।उनकी बिगड़ती हालत को देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रिफर कर दिया लेकिन मदनलाल के परिजनों ने उनका इलाज शोहरतगढ़ स्थित एक निजी चिकित्सालय में करवाना शुरु कर दिया।शनिवार की शाम मदनलाल की हालत और खराब हो गयी तब परिजन उन्हें गोरखपुर ले गये जहां शनिवार की रात लगभग दस बजे उनकी मौत हो गयी।मृतक के पुत्र विजय ने चेतराम पुत्र केसर के खिलाफ नामजद तहरीर दिया है।
पुलिस चेतराम की खोज में जुट गयी है।घटना के बाद परिजनों ने 100 नम्बर पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना भी दिया।100 नम्बर की गाड़ी आकर आरोपी चेतराम को पकड़कर थाने ले गयी।चेतराम पुलिस के होली त्यौहार में लगे रहने का फायदा उठाकर थाना परिसर से भाग गया।मदनलाल की मौत के बाद पुलिस आरोपी की माँ को थाने लाकर पूछताछ कर रही है और आरोपी की तलाश में पुलिस लग गयी है।मृतक के परिजनों के मुताबिक आरोपी चेतराम शराब का आदती और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और पहले भी वह मार-पीट की कई घटनाएँ कर चुका है।
इस संदर्भ में प्रभारी थाना निरीक्षक अखिलानन्द उपाध्याय ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े को छुड़ाते वक्त मृतक को चोट लग गयी।जिससे उसकी मौत इलाज के दौरान गोरखपुर में हो गयी।लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है।आरोपी की तलाश की जा रही है और उसकी माँ चिनका देवी पत्नी केसर को थाने लाकर पूछताछ किया जा रहा है।

