सिद्धार्थनगर। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के भैंसहवा गांव से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव 28 अक्टूबर को जोगिया कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ी राप्ती नदी में मिला था। जो अपने साथ कई सारे सवाल छोड़ गया जिसका जवाब मिलना अभी बाकी है।
किशोर 26 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे घर से लापता हुआ था। दो दिन बाद उसका शव घर से लगभग 10-12 किलोमीटर दूर नदी में बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, भैंसहवा निवासी अहमद हुसैन का 13 वर्षीय पुत्र परवेज 26 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने मिश्रौलिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
28 अक्टूबर को बूढ़ी राप्ती नदी में किशोर का क्षत विक्षत
शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हालांकि, अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
मृतक के पिता अहमद हुसैन ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दिए जाने की माँग की है।
कई सवाल छोड़ गई घटना
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि महज 13 वर्ष का किशोर आखिर अपने घर से 10-12 किलोमीटर दूर नदी तक कैसे पहुंचा? वह किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में किसी व्यक्ति पर संदेह व्यक्त किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। परिजन इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की मांग रहे हैं।
फिलहाल परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटना से जुड़े सवालों के जवाब का इंतजार है।

