सिद्धार्थनगर:त्रिलोकपूर थाना अंतर्गत डोमसरा गांव के रहने वाले चतुर्भुज पांडेय का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने मेरी नाबालिग बेटी को जहर खिला कर उसकी हत्या कर दी.
इस मामले को लेकर उन्होंने त्रिलोकपुर थाने में तहरीर दी है. जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
त्रिलोकपुर थाना अंतर्गत डोमसरा गांव निवासी चतुर्भुजी पांडेय के अनुसार उनकी पुत्री साक्षी पांडेय (15) को गांव के ही कुछ लोगों ने जहर देकर हत्या कर दी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिता के बताया कि साक्षी बस्ती स्थित एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी.
लॉकडाउन में स्कूल बंद होने से वह गांव आई हुई थी. गांव में घर पर 80 वर्षीय बाबा ही रहते थे, परिवार के बाकी सदस्य लखनऊ में हैं.
पिता का आरोप है कि 13 सितंबर की रात गांव के ही कुछ लोग घर में घुसे और साक्षी को जबरदस्ती जहर खिला दिया. हालत बिगड़ने पर उसे बेवां अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे बस्ती रेफर कर दिया. जहां इलाज के दौरान साक्षी की मौत हो गई. शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है.
चतुर्भुजी पांडेय ने केस दर्ज कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग करते हुए थाने में तहरीर दी है. थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर रणधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्जकर विवेचना की जा रही है. शव का पोस्टमार्टम बस्ती में हुआ है, जहां से रिपोर्ट मंगाकर आगे की कार्रवाई जाएगी.

