भाजपा ने उत्तर प्रदेश के लिए पार्टी अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। महेंद्र नाथ पांडेय भाजपा के अगले प्रदेश अध्यक्ष होंगे।
वो इस समय चंदौली से सांसद हैं और मोदी सरकार में मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री हैं।
भाजपा का यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। गौरतलब है कि अभी तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य थे लेकिन प्रदेश का उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पार्टी को नए अध्यक्ष की जरूरत थी।
केशव प्रसाद मौर्य फिलहाल यूपी विधानमंडल के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में जल्द ही वो विधान परिषद की सदस्यता ले लेंगे। वो फूलपुर से सांसद थे। यूपी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन पर उन्हें प्रदेश का उपमुख्यमंत्री पद दिया गया था।
यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 312 सीटें जीती थीं। महेंद्र नाथ को भाजपा के मिशन 2019 को ध्यान में रखकर पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

