शोहरतगढ़ सिद्धार्थनगर - रामजन्म भूमि के बहुप्रतीक्षित फैसले के आने के बाद सभी धर्म के लोगों ने सम्मान के साथ इसे स्वीकार किया है। लोगों ने इसे ऐतिहासिक फैसला बताते हुए मुल्क में अमन शांति की इच्छा जाहिर की। सर्वोच्च न्यायालय ने शनिवार को ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अयोध्या भूमि विवाद मामले का सर्वमान्य निर्णय दिया है। सुबह साढ़े दस बजे फैसला आने के साथ ही सिद्धार्थनगर के युवाओं व गणमान्य लोगों ने भी इस फैसले को सराहा।
पूर्वांचल विद्यार्थी जिला महामंत्री वकार खान ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया है। देशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं। पूरा विश्वास है कि अब हिदु-मुस्लिम के मुद्दे को छोड़ कर गरीबी, बेरोजगारी व गिरती अर्थव्यवस्था, किसानों की समस्या और विकास की बात की जाएगी।
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष नीलेश चौधरी ने कहा है सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय सर्वमान्य है। वर्षों से लंबित मामले का अंत होने से प्रेम व सौहार्द बढ़ेगा। अमन, चैन व शांति के लिए सबका दायित्व है कि इस मुद्दे पर विवादित टिप्पणी नहीं करें। लोगों को प्रेम व भाईचारा बनाए रखने की सलाह दें।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष चंदन पांडे ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला दिया है। इससे देश की एकता व अखंडता अक्षुण्य रहेगी। विश्व में राष्ट्र की छवि धूमिल नहीं हो, इसके लिए सभी धर्म के लोगों को मिलजुल कर रहना चाहिए।
अल्ताफ हुसैन सदर जामा मस्जिद ने कहा है कि कोर्ट के फैसले का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। यह फैसला सबको मान्य होना चाहिए। यह कस्बा शांति और सौहार्द का है। एक बार फिर आपसी सौहार्द को बरकरार रखने सबकी जिम्मेदारी है।
छात्र नेता मोहम्मद शहजाद ने कहा है कि देश की सबसे बड़ी पंचायत के फैसले का सभी को स्वागत करना चाहिए। देश में सदियों से दोनों धर्मों के लोग मिलजुल कर कार्य करते रहे हैं। आगे भी करते रहेंगे। इस फैसले का समाज का हर वर्ग सम्मान कर रहा है
जामा मस्जिद इमाम आरिफ अब्दुल्ला जी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला सराहनीय है। गंगाजमुनी तहजीब की झलक है। इससे भाईचारा मजबूत होगी। भगवान की पूजा होगी तो अल्लाह की इबादत की जाएगी। फैसले का सम्मान हर व्यक्ति कर रहा है।
समाजसेवी राहुल पटेल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सभी लोगो को पालन करना चाहिए। यह सर्वमान्य है। पांच सदस्यीय खंडपीठ ने जो फैसला सुनाया है, इसे समाज का हर वर्ग मान रहा है। कोर्ट का यह निर्णय सराहनीय है।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष बनवारी गुप्ता ने कहा है कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का सभी ने स्वागत किया है। रामजन्म भूमि का विवाद समाप्त हो गया। यह बहुत जरूरी था। जनता काफी दिनों से इस फैसले का इंतजार कर रही थी।