डुमारियागंज-बस्ती मार्ग पर मंगलवार सुबह गोरखपुर से आ रही एक पिकअप पूर्णिया व कुरथिया चौराहे के बीच पलट गई।जिसमें मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई व 15 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए।
सूचना के मुताबिक बस्ती-सिद्धार्थनगर मार्ग पर मंगलवार की सुबह लगभग 7 बजे गोरखपुर से आ रही बरातियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसका नंबर UP 43 T 8764 है।
इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तबरेज 15 और वसीम 16 है। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में पिकअप गाड़ी में सवार होकर 35 लोग गोरखपुर से आ रहे थे।
दुर्घटना के शिकार हुए लोग श्रावस्ती जिले के थाना सोनवा क्षेत्र के विकौली दरगाह पुरवा गांव के निवासी थे। यह लोग गोरखपुर के नगवा गांव से पिकअप में सवार होकर आ रहे थे।बताया जाता है कि यह लोग गोरखपुर एक शादी में शामिल होने गए थे। जहां से दुल्हन को लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे। बस्ती-सिद्धार्थनगर के बॉर्डर पर स्थित सुर्खियां चौराहे पर लगभग 7:00 बजे के करीब जैसे ही गाड़ी पहुंची, बताते हैं कि ड्राइवर को नींद आ गई और पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। चश्मदीदों के अनुसार इस घटना में 15 लोग घायल हैं जिसमें से कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
थानाध्यक्ष सोनहा के अनुसार दोनो लाशों को कब्जे में ले लिया गया है। घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वही खबरें आ रही हैं कि घायलों में दो लोगों की रास्ते में मौत हो गई हैं। जहां यह घटना हुई है उसमें सवार यात्रियों में कोहराम मचा हुआ है। सबसे खास बात यह है कि इस दुर्घटना में दूल्हा और दुल्हन पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस के अनुसार ड्राइवर और मालिक मौके से फरार हो गए हैं, उनकी तलाश की जा रही है ।मृतकों और घायलों के परिवारों को सूचित किया जा रहा है।

